Monday, October 12, 2026

गल्त फहमी

 गल्त फहमी

20 नवम्बर 2024 को हमारी (चरण एव संतोष) के शादी की 56 वीं सालगिरह थी | बच्चों ने अपने अनुसार खाना-पीना किया तथा सभी खुशी – खुशी विदा हो गए | विदा होने का मतलब है कि सभी अपने-अपने मकान पर चले गए | हालांकि हमारा खाना बच्चों के यहाँ ही होता था परंतु सोना अलग-अलग अपने-अपने मकानों पर ही होता था | हंभई थके - हारे आराम से सो गए |

21 नवम्बर को प्रत्येक दिन की तरह हम बिस्तर से उठे | संतोष प्रात: 8 बजे की लगभग सुबह की चाय बनाने रसोई में घुसी ही थी कि अचानक चक्कर आने के कारण अपने को संभाल न सकी और मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ी | उनके सिर के अगले हिस्से में चोट लगी | लगभग 5 ईनच कट जाने के कारण उनके सिर से खून बहने लगा |

मैंने जल्दी से उन्हें बैठाया तथा डिटोल का फ़ोहा उनके सिर पर रख दिया | इसके बाद अपनी लड़की प्रभा को फोन करके जल्दी से आने को कहा | वह हमारे दामाद श्री मनोज जी तथा अपने लड़के भावेश को लेकर शीघ्र या गई तथा हम संतोष को लेकर मनीपाल अस्पताल लेकर चले गए |

मेरा बड़ा लड़का प्रवीण तथा उसकी पत्नि चेतना सुबह 7.30 पर ही नौकरी पर चले जाते हैं | छोटा लड़का पवन थोड़ा दूर रहता है अत: आने में देरी कर सकता था इसलिए सबसे पहले अपनी लड़की को ही बुलाया था | प्रथम उपचार के बाद मेरे पत्नी को घर भेज दिया गया था |

घर आकार संतोष की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ | उन्हें उठाते, बैठते तथा चलते हुए चक्कर आ रहे थे | 22 तारीख को उन्हे अस्पताल ले जाना पड़ा जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया | चार दिनों बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी तो दे दी गई परंतु उनके सिर में चक्कर आने बंद नहीं हुए | साथ ही उनके बाएं हाथ में भयानक दर्द होने लगा | डाक्टर को दिखाने पर पता चला कि गिरने से सिर की चोट के साथ हाथ का अंदर का मांस भी फट गया था | इसके लिए उन्हें 14 दिनों की फिजियोथरपी कराने की सलाह दी गई |  

फिजियोथरपी प्रत्येक दिन शाम के 3.30 बजे करानी थी | इसके लिए मेरे पौत्र नयन को अस्पताल ले जाना पड़ता था क्योंकि वही था जो दिन में घर रहता था तथा रात को ड्यूटी पर जाता था | चार दिन तो वह अपनी दादी को समय पर अस्पताल ले गया परंतु पाँचवे दिन अस्पताल से मेरे पास फोन आया की आप फिजियोथरपी के लिए जल्दी आ जाओ अन्यथा एक एमरजेन्सी के कारण हम आपको समय नहीं दे पाएंगे | मैनें नयन को फोन पर जल्दी आने के लिए कहा परंतु जब वह 15-20 मिनट तक नहीं आया तो देर होते देख हम बाहर खड़े एक पीन पहिया स्कूटर द्वारा अस्पताल पहुँच गए तथा फिजियोथरपी कराने लगे |

अपनी आदत अनुसार, क्योंकि मिलिट्री में डाक्टर को दिखाने के दौरान अपना फोन बंद करना पड़ता था, अस्पताल में भी मैंने अपना फोन बंद कर दिया था | इस दौरान नयन ने मुझे चार-पाँच बार फोन किया होगा जिसे मैं रिसीव नाहें कर पाया था | जब अस्पताल का                                                                                                                के लड़के गर्व के फोन पर नयन का फोन आया | मैंने उससे बात की तो जवाब मिला की वह हमें लेने आ रहा है, हम वहीं रुक गए और उसके साथ ही घर आए | इसके बाद नयन पहले की तरह अपनी दादी जी को फिजियोथरपी के लिए प्रत्येक दिन ले जाता लाता रहा | इस बीच 6 जनवरी 2025 को अचानक पवन, अपने घर से, अपना सारा सामान लेकर, मेरे मकान (973) की ऊपरी मंजिल पर रहने के मकसद से आ गया | अभी तक शाम का खाना हम प्रवीण के यहाँ खाया करते थे | पवन का सारा सामान ऊपरी मंजिल पर बिखरा पड़ा था | मैंने यह सोचकर कि अंजू आज खाना कैसे बनाएगी, चेतना को बताया देता हूँ कि वे अपना सामान आज लेआए हैं अत: आज सबका खाना वह बना देगी |

मैंने फोन पर कहा, “चेतना आज अंजू आ गई है.. |”

मेरी पूरी बात सुने बिना ही चेतना ने कहा,”ठीक है पापा जी, अभी मैंने खाना चढ़ाया नहीं है | आज वह ही बना देगी |”

चेतना की बात सुनकर मैं असमंजस में पड़ गया तथा सोचने लगा कि क्या कहूँ | इसी देरी के कारण फोन कट गया | इसके बाद एक सप्ताह तक चेतना का कोई फोन नहीं आया कि पापा जी खाना मैं बना रही हूँ | आ जाना | मुझे यह अखर रहा था | इसलिए 12 तारीख को मैं प्रवीण के यहाँ गया तथा सीधा प्रश्न किया, “चेतना किस बात की नाराजगी है?”       

चेतना :- पापा जी आप ऐसा क्यों कह रहे हो ?

मैंने बताया, एक तो यह कि एक हफ्ते से तुमने एक बार भी मुझे खाने के लिए नहीं बुलाया | दूसरे जिस दिन पवन ने अपना सामान शिफ्ट किया था मैंने यह सोचकर तुम्हें फोन किया था कि अंजू को उस दिन खाना बनाने में समस्या रहेगी तो तुम उनसे कह दो कि सबका खाना तुम्हारे यहाँ बन जाएगा परंतु तुमने तो मेरी पूरी बात सुनने से पहले ही अपना फैसला सुना दिया था | लगता है तुम्हारे बीच कुछ सौहार्द पूर्ण वातावरण नहीं है |

लगा जैसे सौहार्द पूर्ण वातावरण की बात सुनते ही चेतना की दुखती रग जाग्रत हो गई तभी तो वह एकदम बिफर पड़ी और रोते -रोते काफी देर तक अपनी सास तथा अंजू के विपरीत न जाने क्या-क्या मन की भड़ास निकालती रही |

जैसे ही चेतना चुप हुई तभी प्रवीण ने कहा, “पापा जी आपने भी नयन के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया |”

“क्या”

जिस दिन आप नयन के देरी से पहहोचने पर स्कूटर से अस्पताल चले गए थे तो उसने आपको चार-पाँच फोन किए परंतु आपने एक बार भी जवाब नहीं दिया परंतु जब गर्व ने किया तो आपने एकदम जवाब दे दिया |

प्रवीण की बात सुनकर पहले तो मुझे गुस्सा आया कि मुझ पर शक कर रहें हैं फिर हंसी आई कि कितने नया समझ हैं अत: उन्हें समझाया, “अपनी मिलिट्री की पुरानी आदत अनुसार मैं जब भी डाक्टर के पास जाता हूँ तो अपना फोन खामोश मोड पर डाल देता हूँ तथा काम होने के बाद ही उसे चालू करता हूँ | इसलिए उस दिन गर्व के फोन आने से पहले मेरा फोन खामोश मोड पर था | वैसे तुमने अच्छा ही किया कि अपने मन की दुविधा मेरे सामने बयान कर दी परंतु इतना जरूर कहूँगा कि परिवारों के बीच बिखराव का सबसे बड़ा  कारण अधिकतर आपसी गलत फहमी ही होती है अत: इसे कभी भी पालना नहीं चाहिए |                       


Sunday, September 20, 2026

गीत का रहस्य

 

गीता का रहस्य

युवा पथ मासिक पत्रिका अंक ९ मई २०१२ में संत विनोबा भावे जी ने श्री भगवदगीता के उपदेशों के असर को, उनकी अपनी माता के दूध से प्राप्त अपने ह्रदय और बुद्धि के पोषण के समकक्ष बताया है | वास्तव में गीता पढने का यही रहस्य है |

एक बूढा व्यक्ति, प्रत्येक दिन की तरह, कोयले की सुलगती अंगीठी के पास बैठकर गीता पढ़ रहा था | कोयले की खाली टोकरी वहीं पास में रखी थी | बूढ़े को पढते देख उसके पोते ने जिज्ञासावश पूछा, “दादा जी इस गीता को आपने सैकड़ों बार पूरा पढ़ लिया है | आपकी देखा देखी मैनें भी आपका अनुशरण किया परन्तु न तो मुझे यह याद हो पाई और न ही मैं इसे अधिक समझ पाया | मुझे नहीं लगता कि आपको भी इसके पढ़ने से जीवन में इसका कुछ लाभ हुआ होगा | इसलिए मेरे विचार से आप इसे बार बार पढकर अपना समय व्यर्थ नष्ट कर रहे हैं ?”

दादा ने बड़े संयम से अपने पोते का तर्क सुनने के बाद, अपने पास रखी कोयले की खाली टोकरी उसे थमाते हुए कहा, “जाओ सामने की नदी से इस टोकरी को जल से भर लाओ |”

लड़के ने टोकरी उठाई और नदी की तरफ चला गया | उसने टोकरी को जल में डुबोया और वापिस आ गया | परन्तु यह क्या ? उसने देखा कि टोकरी तो खाली थी |

दादा ने ऐसे ही तीन चार बार अपने पोते को उस टोकरी में पानी भरने के लिए भेजा परन्तु पानी से भरी टोकरी लाने में हर बार लड़के का प्रयास नाकामयाब रहा | अंत में वह झल्लाकर टोकरी को फैंकते हुए बोला, “इस टोकरी में जल भरना मूर्खता ही कहलाएगी |”
इस पर दादा जी ने अपने पोते को बड़े प्यार से अपने पास बुलाकर तथा टोकरी को दिखाकर पूछा,
“तुम्हारे प्रयास के कारण क्या तुम्हें इस टोकरी में कुछ बदलाव नजर नहीं आ रहा ?”

जब लड़के ने टोकरी को ध्यान से देखा तो अचानक उसकी आखों में चमक उभर आई और चिल्लाया, “अरे, यह टोकरी तो साफ़ होकर चमक रही है |”

अब दादा ने अपने पोते के सिर पर प्रेम पूर्वक हाथ फेर कर समझाया, “देखो, टोकरी जल से भरी तो न जा सकी परन्तु नदी के जल में बार बार डुबकी लगाने से उसमें अंदर बाहर से चमक आ गयी है | उसी प्रकार गीता को बार बार पूरा पढ़ने मात्र से ही, चाहे कोई इसका पूरा सार समझ नहीं पाए या अपने मन में समा नहीं पाए, यह मनुष्य को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रतिभावान बना देती है | यही गीता पढ़ने का रहस्य है |”

 

Wednesday, August 5, 2026

ईश्वर दर्शन

 

ईश्वर दर्शन

सरस्वती चंद्र तीर्थयात्रा पर जा रहे थे। लंबे और कठिन सफर को देखते हुए साथ में बर्तन, भोजन और जरूरत का अन्य सामान भी था। रास्ते में एक गांव पार करते हुए वह वहां के एक वीरान मंदिर में रुक गए। पहले तो सोचा कि यहां कोई नहीं होगा पर मंदिर के अंदर गए तो देखा एक बीमार वृद्ध कराह रहे हैं। उनकी हालत देख लगता था कि उन्होंने काफी दिनों से कुछ खाया न हो। सरस्वती चंद्र को उन पर दया आ गई। उन्होंने कुछ समय वहीं रुककर उनकी सेवा करने का फैसला किया। उन्होंने अपने कपड़े उस वृद्ध सज्जन को पहना दिए। अपने सारे बर्तन मंदिर के उपयोग के लिए रख दिए। अपना भोजन भी उन्हें खिला दिया। फिर आसपास से फल और कुछ औषधियां ले आए।

खाली समय में सरस्वती चंद्र मंदिर की सफाई में लगे रहते। इस तरह मंदिर का कायाकल्प हो गया। इधर वृद्ध सज्जन धीरे-धीरे स्वस्थ होने लगे। कुछ दिनों के बाद सरस्वती चंद्र बिना तीर्थधाम गए ही घर वापस आ गए। घर वालों ने इस तरह आने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि रास्ते में ही उन्हें ईश्वर के दर्शन हो गए। इसलिए आगे जाने की उन्होंने कोई आवश्यकता ही नहीं समझी और लौट आए। इधर मंदिर के पुनरोद्धार हो जाने से लोग वहां फिर से आने-जाने लगे। इस तरह सूने पड़े मंदिर में रौनक लौट आई। वहां वह वृद्ध सज्जन हर किसी को यह बताते थे कि एक दिन यहां ईश्वर आए थे। उन्होंने ही इस मंदिर को तीर्थ बनाया और मुझे जीवन-दान दिया।

Saturday, August 1, 2026

प्रायश्चित

 

प्रायश्चित

एक मशहूर संत थे | उनकी कुटिया शहर से बाहर एक पहाड़ी की तलहटी में थी | पहाड़ी की चोटी से एक झरना बहता हुआ संत की कुटिया के पास से गुजरता था | चारों और हरियाली एवम बेशुमार पेड़ पौधों के कारण वह एक रमणीक स्थान था तथा पेड़ों पर बसर करने वाले विभिन्न प्रकार के पक्षियों की चहचाहट उस स्थान को और भी मनमोहक बना देती थी | संत को अक्सर पक्षी वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता था क्योंकि उन्हें पक्षियों से बहुत लगाव था और वे उनके लिए अपनी कुटिया के पास बहुत सा दाना डाला करते थे |

एक बार एक आदमी उनके पास आया वह बहुत उदास एवम बेचैन दिख रहा था | उसने संत के पैर पकड़ कर कहा, “बाबा अक्सर मुझे छोटी सी बात पर ही गुस्सा आ जाता है और मैं अपना आपा खो देता हूँ | सामने वाला चाहे जो हो मैं उसे बुरा भला कह देता हूँ लेकिन बाद में अपने व्यवहार पर खुद ही पछताने लगता हूँ | कल फिर मेरे साथ ऐसा ही हुआ जब मैनें अपने सबसे प्रिय मित्र को खरी खोटी सुना दी | अब मैं पछता रहा हूँ और प्रायश्चित करना चाहता हूँ | कृप्या मेरा मार्ग दर्शन करें |”

उस व्यक्ति की बात सुनकर संत ने उसे अपनी कुटिया के पास फैले पक्षियों के पंख चुनकर एक थैले में भर लाने को कहा और जब वह व्यक्ति थैला भर लाया तो संत ने उससे कहा, “जाओ जाकर थैला शहर के बीच चौक पर खाली कर दो |” 

संत के कहे अनुसार उस व्यक्ति ने वैसा ही किया और वापिस आ गया | अब संत ने कहा, “वत्स तुम्हारा प्रायश्चित तब पूरा होगा जब तुम उन पंखो को वापिस ले आओगे जिन्हें तुम चौराहे पर फेंक आए थे |”

वह व्यक्ति बोला, “स्वामी जी यह कैसे संभव है | पंख तो न जाने कहाँ कहाँ उड़ गए होंगे ?”

इस पर संत ने जवाब दिया, “बेटा आपके मुंह से अपने दोस्त के लिए निकले अपशब्द भी तो उड़ चुके हैं वे वापिस कैसे आ सकते हैं ?”

संत का जवाब सुनकर व्यक्ति सन्न रहा गया | उसे किंकर्तव्यमूढ़ देखकर संत ने उसे समझाया, “बेटा जैसे तीर से निकला बाण वापिस नहीं आता उसी प्रकार मुहं से निकले अपशब्द वापिस नहीं आते इसलिए हर परिस्थिति में अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए जिससे दूसरों को तकलीफ न पहुंचे और खुद को प्रायश्चित करने की नौबत न आए |”